Report: Vandna Rawat
Disaster Management उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हो रही भारी बारिश और उससे उत्पन्न परिस्थितियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्कता बरतने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि, आकाशीय बिजली और जलभराव से होने वाली जनहानि, पशुहानि तथा आर्थिक नुकसान का संज्ञान लेते हुए प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
फील्ड में उतरने के निर्देश, राहत कार्यों पर विशेष जोर
Disaster Management मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन लगातार सक्रिय रहे और जरूरतमंद परिवारों तक हर संभव सहायता समय पर पहुंचाई जाए। अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के साथ संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया है।
24 घंटे में मुआवजा देने का निर्देश
Disaster Management सीएम योगी ने अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि तथा अन्य आर्थिक नुकसान का तत्काल आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुसार राहत राशि और मुआवजा 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके। साथ ही जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कदम उठाने को भी कहा गया है।
प्रदेशवासियों से सावधानी बरतने की अपील
Disaster Management मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। इसके अलावा नदियों, तालाबों और जलाशयों में स्नान या अन्य गतिविधियों के दौरान भी पूरी सावधानी बरतें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और राहत सुनिश्चित करना है।


