रिपोर्ट: वसीम कुरैशी
Kasganj Road Accident उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा थाना कासगंज क्षेत्र के मोहनपुरा गांव के पास करीब सुबह 4 बजे हुआ। मैक्स पिकअप और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
तेज टक्कर में पिकअप के उड़े परखच्चे
Kasganj Road Accident प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मैक्स पिकअप में बड़ी संख्या में लोग सवार थे। मोहनपुरा के पास पिकअप और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जिला अस्पताल में 3 को मृत घोषित किया गया
Kasganj Road Accident हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं छह गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
राजस्थान से अस्थि विसर्जन के लिए आ रहे थे लोग
Kasganj Road Accident बताया जा रहा है कि मैक्स पिकअप में सवार लोग राजस्थान के करौली जिले के रहने वाले थे और सोरों में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद ओवरलोड वाहनों के संचालन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।




