Dewas news: इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में हुई घटना और उसके बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान को लेकर कांग्रेस ने देवास जिले में ‘घंटा बजाओ’ अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देवास विधायक गायत्री राजे पवार के निवास, हाटपिपल्या विधायक मनोज चौधरी के निवास, सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर के स्टेशन रोड स्थित कार्यालय तथा सांसद महेंद्र सोलंकी के कार्यालय के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने घंटा बजाकर और नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की।
सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स गिरा दिए।
भाजपा ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन को अनुचित करार दिया। वहीं देवास विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि कांग्रेस को विरोध-प्रदर्शन करने के बजाय पीड़ितों की मदद और सहयोग पर ध्यान देना चाहिए।





