Agra News: शहर में क्रिसमस और नववर्ष के दौरान पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए हैं। यह ट्रैफिक प्लान 25 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक ताजमहल, आगरा किला और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लागू रहेगा, ताकि पर्यटकों की आवाजाही सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
पुलिस के अनुसार, पर्यटकों के वाहन कुबेरपुर से इनर रिंग रोड होते हुए रमाडा कट और फतेहाबाद रोड के रास्ते ताजमहल की निर्धारित पार्किंग तक पहुंचेंगे। यमुना किनारा मार्ग पर किसी भी प्रकार के पर्यटक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगी।

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि नए साल के दौरान शहर में बढ़ने वाली पर्यटक संख्या को ध्यान में रखते हुए यह ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
दिल्ली, मथुरा, कानपुर और फिरोजाबाद की ओर से आने वाली पर्यटक बसों को भी कुबेरपुर से इनर रिंग रोड के जरिए रमाडा कट और फतेहाबाद रोड की ओर भेजा जाएगा। वहीं, वाटरवर्क्स से जीवनी मंडी होते हुए ताजमहल या आगरा किला की दिशा में किसी भी पर्यटक वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रमुख चौराहों और पार्किंग स्थलों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर ट्रैफिक कंट्रोल रूम या हेल्पलाइन नंबर 9454457886 पर संपर्क किया जा सकता है।





