Isa Ahmad
फ़िरोज़ाबाद की तहसील टूंडला में आज रविवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय एकता तिरंगा पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में दर्जनों स्कूलों के बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
तिरंगा पदयात्रा की शुरुआत रेलवे के कंपनी बाग ग्राउंड से की गई। यात्रा दीपा का चौराहा, सुभाष चौराहा और एटा रोड होते हुए आगे बढ़ी तथा एटा रोड स्थित मंडी समिति में जाकर इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में बच्चों और कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति गीतों और नारों के साथ माहौल को उत्साहपूर्ण बनाए रखा।
इस अवसर पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह और टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए जो योगदान दिया, वह हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने तिरंगा पदयात्रा को सफल बनाने के लिए बच्चों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। यह आयोजन राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देने में पूरी तरह सफल रहा।





