Report by: Devendra Jaisawal
Khandwa: मध्य प्रदेश के खंडवा में लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वतखोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत नाहल्दा के सचिव कृष्ण देव पटेल को ₹25 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। आरोप है कि सचिव ने एक निजी स्कूल का दो साल का प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के बदले स्कूल संचालक से ₹50 हजार की रिश्वत मांगी थी। इंदौर लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार को मेडिकल चौराहे के पास एक चाय की दुकान के सामने ट्रैप कार्रवाई की।
Khandwa: स्कूल का टैक्स कम करने के बदले मांगी थी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नाहल्दा निवासी लक्ष्मण सिंह चौहान ने 5 अक्टूबर को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता खंडवा जिले में संचालित एक निजी स्कूल के संस्थापक हैं, जिसका संचालन उनके बेटे द्वारा किया जाता है। यह स्कूल ग्राम पंचायत नाहल्दा के अंतर्गत आता है।
आरोप है कि पंचायत सचिव कृष्ण देव पटेल ने स्कूल के दो साल के प्रॉपर्टी टैक्स की राशि करीब ₹2 लाख 20 हजार बताई थी। शिकायत के मुताबिक, इसी टैक्स की रकम कम कराने के बदले सचिव ने ₹50 हजार की रिश्वत मांगी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत की।
Khandwa: शिकायत का सत्यापन कर लोकायुक्त ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद 9 अक्टूबर को आरोपी पंचायत सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप की योजना बनाई गई।
योजना के तहत लोकायुक्त टीम ने खंडवा के मेडिकल चौराहे के पास कार्रवाई की। इस दौरान पंचायत सचिव कृष्ण देव पटेल को कथित तौर पर ₹25 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। टीम ने रिश्वत की रकम जब्त कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में निरीक्षक प्रतिभा तोमर के साथ आरक्षक आदित्य सिंह, रामेश्वर निगवाल, आशीष नायडू, कमलेश परिहार, सतीश यादव और श्रीकृष्ण अहिरवार शामिल रहे। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
read also: Panama में 7.7 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती, कई इमारतों को नुकसान


