Isa Ahmad
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हजारीबाग वासियों को झारखंड सरकार की ओर से एक खास तोहफा मिला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची से ऑनलाइन माध्यम से हजारीबाग जैव विविधता पार्क का उद्घाटन किया। यह पार्क प्रकृति की गोद में फैला हुआ है और अपनी सुंदरता व हरियाली के कारण देखने लायक है।
यह जैव विविधता पार्क 6 हेक्टेयर में फैला हुआ है और झारखंड सरकार तथा वन विभाग की पहल से इसे अत्यंत आकर्षक तरीके से विकसित किया गया है। पार्क में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के करीब होने का अनुभव मिलेगा और पर्यावरण के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा।
हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने इस अवसर पर झारखंड सरकार को धन्यवाद दिया और आम लोगों से अपील की कि वे पार्क की सुंदरता को संरक्षित रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह पार्क हजारीबाग की खूबसूरती को चार चांद लगाने वाला है और इसे सभी के लिए खुला रखना सरकार की जिम्मेदारी के साथ-साथ नागरिकों का कर्तव्य भी है।
इस जैव विविधता पार्क का उद्घाटन हजारीबाग के लिए न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह आम जनता के लिए शांति और प्रकृति के करीब समय बिताने का एक आदर्श स्थल भी बन गया है।





