Isa Ahmad
एडीजी रमित शर्मा ने किया फ्लैग मार्च और चेकिंग अभियान तेज
जनपद बरेली। दिल्ली में हुए कार धमाके के बाद प्रदेश भर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बरेली जोन में भी अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रमित शर्मा के नेतृत्व में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। जिले में हाई अलर्ट घोषित करते हुए पुलिस-प्रशासन ने फ्लैग मार्च और संवेदनशील स्थानों पर गहन तलाशी अभियान शुरू किया।
शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख बाजार, धार्मिक स्थल और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में डॉग स्क्वायड और बम डिस्पोज़ल स्क्वाड की टीमों ने संयुक्त रूप से चेकिंग की। थाना कोतवाली क्षेत्र में भी पुलिस बल ने मुख्य मार्गों से लेकर गली-मोहल्लों तक सुरक्षा का व्यापक जायजा लिया।
अभियान के दौरान एडीजी, डीआईजी, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति एवं कानून-व्यवस्था को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर चेकिंग अभियान जारी रहेगा।





