बुलंदशहर न्यूज: धार्मिक स्थलों से उतारे गए 304 लाउडस्पीकर

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Bulandshahr News: 304 loudspeakers removed from religious places

प्रशासन ने चलाया विशेष अभियान

बुलंदशहर। जिले में ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन ने रविवार को बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों को हटाने का अभियान चलाया। यह अभियान बुलंदशहर शहर के साथ-साथ खुर्जा, सिकंदराबाद, अनूपशहर, स्याना, गुलावठी और डिबाई सहित पूरे जनपद में संचालित किया गया।

इस अभियान के तहत प्रशासन ने अब तक 304 लाउडस्पीकर धार्मिक स्थलों से उतार दिए हैं, जबकि 400 से अधिक लाउडस्पीकरों की आवाज़ (वॉल्यूम) को नियमानुसार कम कराया गया है, ताकि ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके और स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

विशेष बात यह रही कि उतारे गए लाउडस्पीकरों को प्रशासन ने स्थानीय मदरसों और स्कूलों को भेंट में दे दिया, जिससे उनका सदुपयोग समाजहित में हो सके। इससे पहले धार्मिक स्थलों के संचालकों और संबंधित समितियों को कानून और उच्च न्यायालय के निर्देशों के बारे में अवगत कराया गया था।

पुलिस और प्रशासन का कहना है कि यह अभियान किसी समुदाय या धर्म के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह सभी धर्मस्थलों पर समान रूप से लागू नियमों का पालन कराने का प्रयास है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम एवं उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करवाना आवश्यक है।

बुलंदशहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह सहयोग करते हुए निर्धारित समय और ध्वनि सीमा के नियमों का पालन करें।