Watchman Murder Case एक ईंट-भट्टे पर कार्यरत बुजुर्ग चौकीदार की हत्या का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक का शव खून से लथपथ हालत में तख्त पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
Watchman Murder Case सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें, दांत भी टूटे मिले
मृतक की पहचान 65 वर्षीय परदेशी बाबा उर्फ बोल्टू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिलासपुर के निवासी थे। बताया गया है कि वह पिछले लगभग 30 वर्षों से नीडम स्थित ईंट-भट्टे पर चौकीदारी का कार्य कर रहे थे। पुलिस के अनुसार शव पर सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जबकि कुछ दांत भी टूटे हुए मिले। घटनास्थल के पास एक रक्तरंजित लकड़ी का डंडा बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
Watchman Murder Case हत्या के कारणों की जांच जारी, कई पहलुओं पर पड़ताल
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक शराब पीने का आदी था। ऐसे में पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि किसी व्यक्ति के साथ शराब पीने के दौरान विवाद हुआ हो, जिसके बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। वहीं चोरी की नीयत से पहुंचे किसी व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





