संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
Joura Robbery Case मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, सबलगढ़ तहसील के दांतरे का पुरा गांव निवासी कल्याण सिंह केवट अपनी पत्नी मिथलेश के साथ भूमिया मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर वारदात को अंजाम दिया।
Joura Robbery Case कट्टा दिखाकर छीने झुमके और नकदी
घटना डोंगरपुर रोड स्थित नहर के पास की बताई जा रही है। दंपती जैसे ही इस मार्ग से गुजर रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी के सामने आकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने कल्याण सिंह को कट्टा दिखाकर धमकाया और उनकी पत्नी के कानों से झुमके उतार लिए। इसके अलावा महिला के पर्स में रखी नकदी भी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
Joura Robbery Case पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
सूचना मिलने पर जौरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। थाना प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।





