Isa Ahmad
Report- Nijam Ali
Peelibheet: पीलीभीत जिले के बिलसंडा कस्बे से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पांच दबंगों ने एक युवक को घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दबंगों की क्रूरता साफ देखी जा सकती है।
वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि तीन लोग युवक पर लगातार लाठी-डंडों से वार कर रहे हैं, जबकि दो अन्य लोग आसपास खड़े होकर रखवाली करते दिख रहे हैं, ताकि कोई व्यक्ति युवक को बचाने न आ सके। युवक दर्द से चीखता-चिल्लाता रहा, मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन दबंगों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और वे बेरहमी से पिटाई करते रहे।
करीब 1 मिनट 27 सेकेंड के इस वीडियो में युवक की चीखों से ज्यादा लाठी-डंडों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग भी मूक दर्शक बने रहे और किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं की। वीडियो में दबंग पुलिस से बेखौफ नजर आ रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो बिलसंडा कस्बे का है। हालांकि मारपीट की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





