Lineman Protest : तकनीकी परीक्षा पास करने के बाद भी बेरोजगारों को मिला लाठियों का प्रसाद; यूनियन का आरोप— चुनाव और आचार संहिता का बहाना बनाकर सरकार ने तोड़ा वादा
Lineman Protest : पंजाब के पटियाला में शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे ‘2600 अप्रेंटिस लाइनमैन यूनियन’ के सदस्यों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। पावरकॉम मुख्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना दे रहे बेरोजगार युवाओं पर पुलिस ने अचानक लाठीचार्ज कर दिया। पुलिसिया कार्रवाई के दौरान कई प्रदर्शनकारियों की टांगों पर डंडे मारे गए और करीब 10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस घटना के बाद से इलाके में माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है।

Lineman Protest : पावरकॉम मुख्यालय के बाहर चल रहा था धरना
बेरोजगार लाइनमैन अपनी नौकरी से जुड़ी मांगों को लेकर पिछले पांच दिनों से पटियाला स्थित पावरकॉम मुख्यालय के सामने डटे हुए थे। शुक्रवार को जब प्रदर्शनकारी अपनी आवाज बुलंद कर रहे थे, तभी पुलिस बल ने उन्हें वहां से जबरन हटाने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों के विरोध करने पर पुलिस ने बल प्रयोग शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। यूनियन ने पुलिस पर अमानवीय तरीके से कार्रवाई करने का गंभीर आरोप लगाया है।
Lineman Protest : तकनीकी परीक्षा पास, फिर भी सिर्फ आश्वासन
यूनियन के नेता आकाश कंबोज ने बताया कि धरने पर बैठे सभी सदस्य पहले ही तकनीकी परीक्षा पास कर चुके हैं और विभाग में 6 महीने का काम भी पूरा कर चुके हैं। सरकार ने उन्हें आश्वासन दिया था कि पंजाबी भाषा की एक क्वालिफाइंग परीक्षा लेने के बाद उन्हें सीधे नौकरी के लिए पात्र मान लिया जाएगा। लेकिन लंबे समय से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके कारण युवाओं को मजबूरन आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा।
Lineman Protest : चुनाव और आचार संहिता का हवाला देकर मुकरा विभाग
यूनियन नेताओं के मुताबिक, इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों का हवाला देते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने उनसे पिछला धरना खत्म करने को कहा था। अधिकारियों ने वादा किया था कि एक सप्ताह के भीतर पंजाबी परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा। सरकार पर भरोसा करके युवाओं ने आंदोलन खत्म भी कर दिया था, लेकिन बाद में नगर निगम चुनाव और आचार संहिता का हवाला देकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। कई दौर की बैठकों के बाद अब विभाग ने कथित तौर पर साफ कर दिया है कि उन्हें नौकरी पर नहीं रखा जा सकता।
Lineman Protest : शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बर्बरता का आरोप
आकाश कंबोज ने कहा कि वे पिछले पांच दिनों से पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से सड़क का एक बड़ा हिस्सा खाली छोड़कर धरना दे रहे थे, ताकि एंबुलेंस और आम यातायात प्रभावित न हो। इसके बावजूद पुलिस ने बर्बरता दिखाई, उनके साथियों को पीटा और 10 से अधिक युवाओं को हिरासत में ले लिया। इतना ही नहीं, पुलिस अब आंदोलन वापस न लेने पर हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करने की धमकियां दे रही है।
Lineman Protest : मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान
पुलिस की इस दमनकारी कार्रवाई के बाद भी बेरोजगार युवाओं के हौसले पस्त नहीं हुए हैं। यूनियन ने दो टूक शब्दों में पंजाब सरकार और पावरकॉम प्रबंधन को चेतावनी दी है कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं और सभी पदों पर नियुक्तियां नहीं दी जातीं, तब तक उनका यह आंदोलन और तेज गति से जारी रहेगा।
read more : UP Climate Change Seminar 2026 : प्रकृति को नुकसान पहुंचाने वाले माफिया से सजग रहें- मुख्यमंत्री





