IPL 2026: 19वें सीजन के पहले 20 मैचों का शेड्यूल जारी, 28 मार्च से होगा आगाज

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
IPL 2026

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टूर्नामेंट के शुरुआती 20 मुकाबलों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस सीजन का पहला मैच 28 मार्च को खेला जाएगा। उद्घाटन मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रस्तावित है। हालांकि इस मैच के आयोजन को लेकर अंतिम अनुमति कर्नाटक सरकार की विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही मिलेगी।

IPL 2026: विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर चिंता

इस सीजन से पहले सभी फ्रेंचाइजियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर है। मिडिल ईस्ट में जारी तनावपूर्ण हालात के कारण कई देशों के खिलाड़ियों के समय पर टीम से जुड़ने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में फ्रेंचाइजियां अपने विदेशी खिलाड़ियों की यात्रा और उपलब्धता को लेकर चिंतित हैं।

IPL 2026: खिलाड़ियों को समय पर भारत लाना चुनौती

समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में एक टीम अधिकारी ने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमों का सफर जल्दी समाप्त हो गया था, लेकिन मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण खिलाड़ियों को अपने देश लौटने में काफी समय लगा। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को समय पर भारत वापस लाना आसान नहीं होगा। साथ ही क्षेत्र में जारी युद्ध के कारण हवाई किराए में भी काफी बढ़ोतरी हो गई है।

वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ कासी विश्वनाथन ने भरोसा जताया कि दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी सीजन के पहले मैच से पहले टीम के साथ जुड़ जाएंगे।

IPL 2026: पहले चरण में 10 शहरों में होंगे मुकाबले

बीसीसीआई द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार शुरुआती 20 मैच देश के 10 अलग-अलग शहरों में आयोजित किए जाएंगे। इन वेन्यू में बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद शामिल हैं।

IPL 2026: कुछ टीमों के लिए बदले गए घरेलू वेन्यू

टूर्नामेंट के कार्यक्रम के अनुसार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपनी पांच घरेलू मैच बेंगलुरु में खेलेगी, जबकि दो मुकाबले रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। वहीं राजस्थान रॉयल्स के तीन मैच गुवाहाटी में और चार मुकाबले जयपुर में खेले जाएंगे।

IPL 2026: पहले 16 दिनों में होंगे कई डबल हेडर मैच

टूर्नामेंट के शुरुआती 16 दिनों के कार्यक्रम में चार दिन ऐसे होंगे जब दो-दो मुकाबले खेले जाएंगे। इन डबल हेडर मुकाबलों से फैंस को एक ही दिन में दो मैच देखने का मौका मिलेगा।

READ ALSO: IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स कप्तान पंत का ऑफ साइड शॉट्स पर फोकस, युवराज सिंह कर रहे मेंटरशिप