India AI Impact Summit: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया भर से आए राष्ट्राध्यक्षों, नीति निर्माताओं और टेक्नोलॉजी लीडर्स का गर्मजोशी से स्वागत किया। 16 से 20 फरवरी तक चलने वाला यह समिट ग्लोबल साउथ का पहला बड़ा AI सम्मेलन माना जा रहा है। इसका उद्देश्य भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की भूमिका में स्थापित करना है।
India AI Impact Summit: अंतरराष्ट्रीय हस्तियों का पारंपरिक भारतीय अंदाज में अभिनंदन
समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और IMF प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा सहित कई प्रमुख वैश्विक नेताओं का स्वागत किया। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम, क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेनकोविक, सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्लई, एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार करिस, फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो, ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस और गुयाना के उपराष्ट्रपति भारत जगदेव जैसे नेताओं की उपस्थिति रही।

स्वागत समारोह में ड्रम, नादस्वरम और तानपुरा की धुनों के बीच प्रधानमंत्री ने ‘नमस्ते’ कहकर अतिथियों का अभिनंदन किया। भारत मंडपम को आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सुसज्जित किया गया था।
India AI Impact Summit: 9 द्विपक्षीय बैठकें, AI और टेक सहयोग पर चर्चा
समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कुल 9 द्विपक्षीय बैठकें कीं, जिनमें 7 वैश्विक नेताओं और 2 ग्लोबल CEOs से मुलाकात शामिल रही। भूटान, स्पेन, क्रोएशिया, फिनलैंड और एस्टोनिया के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, ब्लू इकॉनमी, IMEEC कॉरिडोर, इंडिया-EU FTA और डिजिटल सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री ने गूगल के CEO सुंदर पिचाई और सन माइक्रोसिस्टम्स के सह-संस्थापक विनोद खोसला से भी मुलाकात की। इन बैठकों में उभरती तकनीकों और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
India AI Impact Summit: वैश्विक नेताओं के सम्मान में डिनर का आयोजन
क्रोएशिया और एस्टोनिया के नेताओं के साथ हुई चर्चाओं के बाद प्रधानमंत्री ने टेक्नोलॉजी, शिपबिल्डिंग और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। एस्टोनिया की डिजिटल और AI प्रगति की भी सराहना की गई।
प्रधानमंत्री ने समिट में शामिल हेड्स ऑफ स्टेट और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के सम्मान में डिनर का आयोजन किया, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति हुई।
India AI Impact Summit: ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ थीम पर केंद्रित समिट
इस वैश्विक सम्मेलन में 500 से अधिक AI लीडर्स, 150 अकादमिक एवं शोधकर्ता और 400 से अधिक CTOs व टेक विशेषज्ञ शामिल हुए हैं। समिट की थीम ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ है, जो पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस के तीन स्तंभों पर आधारित है।
यह समिट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को मानव-केंद्रित विकास के लिए उपयोग करने और समावेशी प्रगति को बढ़ावा देने पर केंद्रित है, जिससे भारत AI नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सके।
READ ALSO: India Weather: कई राज्यों में ओलावृष्टि और बिजली का खतरा, IMD ने जारी किए ऑरेंज और येलो अलर्ट





