Report: Santosh Saravgee
Gwalior Excise Department ग्वालियर में अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर स्थित महाकाल पंडित ढाबे से 12 प्लास्टिक ड्रमों में छिपाकर रखी गई करीब 2300 लीटर स्प्रिट (इथेनॉल O.P.) जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में स्प्रिट मानव सेवन के लिए अनुपयुक्त पाई गई है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
ढाबे से 2300 लीटर स्प्रिट और शराब बरामद
Gwalior Excise Department कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेश और आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन में अवैध मदिरा के विनिर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम ने ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे स्थित महाकाल पंडित ढाबे पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान 12 ड्रमों में करीब 2300 लीटर स्प्रिट बरामद हुई। इसके अलावा किंगफिशर बीयर की 16 बोतल, लेमाउंट बीयर की 32 कैन, बोल्ट बीयर की 8 बोतल और 25 कैन, पावर बीयर की 15 कैन तथा देशी मदिरा मसाला के 17 पाव और देशी मदिरा प्लेन के 37 पाव जब्त किए गए। कुल 61.32 बल्क लीटर देशी एवं विदेशी मदिरा बरामद की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम में केस दर्ज
Gwalior Excise Department आबकारी विभाग के मुताबिक मौके से अनिल शर्मा निवासी मोहना, सौरभ गुर्जर निवासी करहाल, श्योपुर और अरवाज खान निवासी मोहना, ग्वालियर को गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1), 34(2) और 49-क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
Gwalior Excise Department विभाग का कहना है कि आरोपियों द्वारा जब्त स्प्रिट का इस्तेमाल पेट्रोल में मिलाने के लिए किया जा रहा था। मौके पर बड़ी मात्रा में ड्रमों में भरा पेट्रोल और थिनर भी मिला। इस मामले में अलग से कार्रवाई के लिए अनुविभागीय पुलिस अधिकारी और घाटीगांव थाना प्रभारी को सूचना देकर कार्रवाई सौंपी गई है।
50 लाख की सामग्री जब्त, 32 लाख की शराब बनने का दावा
Gwalior Excise Department आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त की गई 2300 लीटर स्प्रिट से करीब 32 लाख रुपये कीमत की अवैध और अमानक स्तर की शराब बनाई जा सकती थी। वहीं स्प्रिट, शराब और अन्य जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई में ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी के निर्देशन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी मोनिका पाठक, सुरेंद्र सिंह राठौर, आबकारी उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह मावई, शिवा रघुवंशी, सुरेश पराशर समेत आबकारी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने कहा है कि अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


