रिपोर्टर—अरूण कुमार
Gorakhpur News कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के सोमहिया स्थित एक कंप्यूटर सेंटर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो में शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ कथित तौर पर अशोभनीय हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने संबंधित शिक्षक जगदीश चौरसिया को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कक्षा खत्म होने के बाद छात्रा को रोकने का आरोप
Gorakhpur News बताया जा रहा है कि बुधवार को कंप्यूटर सेंटर में कक्षा समाप्त होने के बाद शिक्षक ने एक छात्रा को अतिरिक्त पढ़ाई के लिए रोक लिया था। इसी दौरान छात्रा का भाई कुछ युवकों के साथ सेंटर पर पहुंच गया। इसके बाद शिक्षक और छात्रा को लेकर वहां विवाद की स्थिति बन गई।
वायरल वीडियो में कुछ युवक शिक्षक से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान युवकों द्वारा शिक्षक को थप्पड़ मारने की बात भी सामने आई है।
शिक्षक ने आरोपों को बताया गलत
Gorakhpur News वहीं, शिक्षक जगदीश चौरसिया ने युवकों की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। शिक्षक का कहना है कि छात्रा उसकी बहन है और वह अतिरिक्त पढ़ाई के लिए सेंटर पर रुकी थी।
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो बुधवार का है, जो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
पुलिस ने वीडियो का लिया संज्ञान, जांच शुरू
Gorakhpur News पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कैम्पियरगंज क्षेत्र स्थित कंप्यूटर सेंटर का शिक्षक छात्रा के साथ कथित तौर पर अशोभनीय व्यवहार करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए शिक्षक को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


