रिपोर्ट – प्रेमपाल सिंह
Firozabad : थाना उत्तर क्षेत्र के अंतर्गत सुहाग नगर सर्विस रोड पर गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। सेवा सदन के सामने से पैदल गुजर रहे एक युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
Firozabad सेवा सदन के सामने हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, युवक अपनी दिशा में पैदल जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद सर्विस रोड पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय राहगीरों व दुकानदारों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा।
Firozabad पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही थाना उत्तर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लिया और पहचान की कोशिशों के बीच उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
Firozabad फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि सर्विस रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों का सबब बनती है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।





