BY: Yoganand Shrivastva
फरीदाबाद। दिल्ली में लाल किला के पास हुए धमाके के बाद फरीदाबाद पुलिस ने संदिग्ध टेरर मॉड्यूल की जांच तेज कर दी है। इस सिलसिले में पुलिस की टीम अल फलाह यूनिवर्सिटी पहुंची, जहां डॉक्टर मुजम्मिल और डॉक्टर शाहीन शाहिद से जुड़े लोगों से पूछताछ की गई। जांच एजेंसियों ने विश्वविद्यालय के फैकल्टी मेंबर्स, छात्रों और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से भी जानकारी जुटाई है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने अब तक छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है और कुल 52 से अधिक लोगों से बयान दर्ज किए जा चुके हैं। जांच अधिकारी इस मॉड्यूल की हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
लाल किला धमाका: कार में कौन था मौजूद?
दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में हुए विस्फोट की जांच में यह सामने आया है कि धमाके के समय कार में केवल एक व्यक्ति था। शुरुआती सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी में वही अकेला नजर आ रहा है, जिससे शक है कि वह सुसाइड बॉम्बर हो सकता है। हालांकि, एक अन्य एंगल यह भी सामने आया है कि ब्लास्ट से कुछ समय पहले गाड़ी से कोई दूसरा व्यक्ति उतर गया था।
डॉ. शाहीन शाहिद का लखनऊ-प्रयागराज कनेक्शन
जांच में यह जानकारी मिली है कि सोमवार को फरीदाबाद से गिरफ्तार की गई डॉक्टर शाहीन शाहिद का संबंध लखनऊ से है। उनका परिवार लालबाग क्षेत्र में स्थित मकान नंबर 121, कंधारी बाजार में रहता था। शाहीन ने प्रयागराज से मेडिकल की पढ़ाई की थी और इसके बाद फरीदाबाद में नौकरी कर रही थीं।
परिवार से पूछताछ और छापेमारी
डॉ. शाहीन के पिता ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं—सबसे बड़ा बेटा शोएब, दूसरी शाहीन और तीसरा बेटा परवेज। शाहीन की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को परवेज के घर पर भी छापेमारी की गई। पिता ने कहा कि शाहीन की शादी महाराष्ट्र के एक व्यक्ति से हुई थी और वह लंबे समय से फरीदाबाद में रह रही थीं।
पुलिस की जांच जारी
फरीदाबाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि डॉक्टर मुजम्मिल और शाहीन शाहिद की गतिविधियां लाल किला धमाके से किस हद तक जुड़ी थीं। पुलिस ने यूनिवर्सिटी परिसर से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।





