‘अंग्रेजों के जमाने के जेलर’ असरानी का 84 वर्ष की आयु में निधन: अंतिम इच्छा के कारण गुप्त रखा गया अंतिम संस्कार, 20 लोग ही हुए शामिल

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
'British-era jailer' Asrani dies at 84; funeral kept secret due to last wish, only 20 people attended

by: vijay nandan

मुंबई: अपनी कॉमेडी टाइमिंग और ‘शोले’ के ‘अंग्रेजों के जमाने के जेलर’ डायलॉग और इस किरदार से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले दिग्गज अभिनेता गोवर्धन असरानी का सोमवार दोपहर 1 बजे निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। उन्हें चार दिन पहले फेफड़ों में पानी भरने (लंग्स में पानी) की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। असरानी के मैनेजर बाबूभाई थिबा ने न्यूज एजेंसी से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि की है।

अंतिम संस्कार को गुप्त रखने की थी इच्छा

बाबूभाई थिबा ने बताया कि असरानी ने निधन से पहले अपनी पत्नी के सामने यह इच्छा जाहिर की थी कि उनकी मृत्यु की खबर को तत्काल सार्वजनिक न किया जाए। वे किसी भी तरह का ‘हंगामा’ नहीं चाहते थे और चाहते थे कि अंतिम संस्कार के बाद ही सबको सूचना दी जाए। उनकी इसी इच्छा का सम्मान करते हुए, निधन के तुरंत बाद सांताक्रूज के शांतिनगर श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान केवल परिवार के लगभग 15 से 20 सदस्य ही मौजूद थे।

असरानी ने अभिनेत्री मंजू बंसल से शादी की थी। उन्हें मंजू से प्यार फिल्म ‘आज की ताजा खबर’ और ‘नमक हराम’ की शूटिंग के दौरान हुआ था।

प्रधानमंत्री मोदी और अक्षय कुमार ने दी श्रद्धांजलि, असरानी के निधन पर देश की कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा: “श्री गोवर्धन असरानी जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। वह एक प्रतिभाशाली कलाकार थे, जिन्होंने पीढ़ियों तक दर्शकों का मनोरंजन किया। अपनी अविस्मरणीय प्रस्तुतियों से उन्होंने अनगिनत लोगों के जीवन में खुशी और हंसी भरी। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ। ॐ शांति।

अक्षय कुमार ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह खबर सुनकर स्तब्ध और स्पीचलेस हैं। उन्होंने एक हफ्ते पहले ही फिल्म ‘हैवान’ की शूटिंग के दौरान असरानी से मुलाकात करने और उन्हें गले लगाने की बात याद की। अक्षय कुमार ने असरानी की कॉमिक टाइमिंग को लाजवाब बताया और कहा कि उन्होंने उनसे बहुत कुछ सीखा। उन्होंने असरानी के साथ ‘हेरा फेरी’, ‘भूल भुलैया’, ‘दे दना दन’, ‘वेलकम’ और आने वाली फिल्मों में काम किया था।

अभिनेता अनुपम खेर ने भी एक भावुक वीडियो संदेश साझा किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही असरानी उनसे मिले थे और उनके एक्टिंग स्कूल में मास्टर क्लासेस लेना चाहते थे। खेर ने नम आँखों से कहा कि लोग उन्हें उनके काम के लिए याद करेंगे, लेकिन वह उन्हें उनके व्यक्तित्व के लिए याद रखेंगे।

निधन से कुछ घंटे पहले की थी आखिरी पोस्ट
सोमवार को दोपहर में गोवर्धन असरानी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट जारी की गई थी, जिसमें उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। यह उनके निधन से कुछ ही घंटे पहले की गई आखिरी पोस्ट थी।

शोले’ के जेलर से मिली अमर पहचान
अपने 57 साल के करियर में असरानी ने लगभग 350 फिल्मों में काम किया। इनमें ‘शोले’, ‘अभिमान’, ‘चुपके-चुपके’, ‘छोटी सी बात’ और ‘भूल भुलैया’ जैसी फिल्में शामिल हैं। ‘शोले’ में उनका डायलॉग ‘हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर हैं’ आज भी उनकी पहचान बना हुआ है।

उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें आज भी लोग ‘जेलर’ के नाम से ही पहचानते हैं। उन्होंने बताया था कि कैसे हिटलर के पोज से प्रेरणा लेकर उन्होंने इस किरदार के लिए खास ‘एटीट्यूड’ तैयार किया था।

असरानी ने 1974 से 1997 के बीच छह फिल्मों का निर्देशन भी किया था। उनका जन्म 1 जनवरी 1941 को जयपुर में हुआ था। उनकी आखिरी रिलीज हुई फिल्में 2023 की ‘नॉनस्टॉप धमाल’ और ‘ड्रीम गर्ल 2’ थीं।

Poklen Machine Accident : यमुनानगर में बड़ा हादसा नहर में गिरी पोकलेन मशीन, चालक की मौत

Poklen Machine Accident : बाढ़ सुरक्षा कार्य के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा