चार आरोपी हिरासत में
बालोद, छत्तीसगढ़ – जिले के हल्दी चौकी अंतर्गत सिर्राभाटा गांव से अंधविश्वास से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के रहने वाले 55 वर्षीय पुनीत ठाकुर की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात को मृतक के पड़ोसी तिहारु निषाद ने तीन तांत्रिकों के साथ मिलकर अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों को यह शक था कि पुनीत ठाकुर तंत्र-मंत्र कर रहा है, जिससे उनके घर में परेशानियां हो रही हैं। इसी अंधविश्वास के चलते उन्होंने सुनियोजित तरीके से उसकी जान ले ली। हत्या के बाद गांव में सनसनी फैल गई और लोग भय व स्तब्धता में आ गए।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तिहारु निषाद समेत तीनों तांत्रिकों को हिरासत में ले लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर होने वाले अपराधों की भयावहता को उजागर करती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के अंधविश्वास में न पड़ें और ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।





