रिपोर्ट- विष्णु गौतम
आधी रात के बाद परोसी जा रही थी शराब
भिलाई के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित सूर्या मॉल में देर रात पुलिस ने कार्रवाई की। यहां लिस्ट्रोमीनिया पब में आधी रात 12 बजे के बाद भी शराब परोसी जा रही थी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने जब अचानक दबिश दी, तो वहां मौजूद युवा और युवतियां भागते नजर आए।
नियम तोड़ते हुए परोसी जा रही थी शराब
जानकारी के मुताबिक, पब संचालक द्वारा निर्धारित समय सीमा के बाद भी शराब परोसी जा रही थी। पब के अंदर तेज म्यूजिक और शराब पार्टी चल रही थी। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जांच की और संचालक के खिलाफ नियम उल्लंघन का मामला दर्ज किया।
युवाओं में मची अफरा-तफरी
पुलिस की कार्रवाई के दौरान पब में मौजूद कई युवा-युवतियां घबराकर भागते नजर आए। इस दौरान पुलिस ने कुछ लोगों से पूछताछ भी की। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पब में देर रात तक शराब पार्टी होने से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों का माहौल बनता है।
संचालक पर होगी कार्रवाई
स्मृति नगर चौकी पुलिस ने बताया कि पब संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पब के संचालन और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।


