रिपोर्ट- विष्णु गौतम
भिलाई। खुर्सीपार इलाके में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब भट्टी के पास युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कामेश (निवासी खुर्सीपार) के रूप में हुई है। कामेश की दो महीने बाद शादी होने वाली थी, लेकिन दोस्त की दुश्मनी में उसकी जिंदगी छीन ली गई।
आरोपी ने रॉड से किया हमला
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरेंद्र महानंद की पुरानी दुश्मनी कामेश के दोस्त योगेंद्र सिंह से थी। शराब भट्टी के पास सुरेंद्र और योगेंद्र के बीच झगड़ा हुआ। हालांकि बाद में मामला सुलझ गया और सभी अपने-अपने घर की ओर लौटने लगे।
इसी दौरान सुरेंद्र महानंद ने गुस्से में कामेश पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। रॉड सिर पर लगने से कामेश गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार में मचा कोहराम
कामेश की शादी मात्र दो महीने बाद होने वाली थी। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों और परिचितों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।


