BY: Yoganand Shrivastva
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में मंगलवार सुबह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के वरिष्ठ नेता के. चंदू नाइक (47) की मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, जब वह एक पार्क के पास से गुजर रहे थे, तभी एक कार में सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल से मिले कारतूस
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से तीन इस्तेमाल किए गए और दो बिना इस्तेमाल किए हुए कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस उपायुक्त एस. चैतन्य कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि वारदात को तीन से चार हमलावरों ने अंजाम दिया और इस दौरान एक ही हथियार का उपयोग हुआ।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटी है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने इस केस की गहराई से जांच करने और हमलावरों को पकड़ने के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया है।
पूर्व में हत्या के केस में नामजद थे चंदू नाइक
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चंदू नाइक 2022 में एलबी नगर थाने में दर्ज एक हत्या के मामले में आरोपी रह चुके हैं, हालांकि उन्होंने अपनी जान को लेकर कभी कोई सुरक्षा की मांग नहीं की थी।
फिलहाल पूरा मामला जांच के अधीन है और पुलिस जल्द ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की उम्मीद कर रही है। हत्या की यह वारदात राजनीतिक हलकों में सनसनी का कारण बनी हुई है।





