रिपोर्टर – उमेश डहरिया
दिनदहाड़े चोरी की वारदात CCTV में कैद
कोरबा जिले के एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर कॉलोनी में कपड़ों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े बाइक सवार तीन युवकों ने कॉलोनी में घुसकर घरों के बाहर सूख रहे कपड़ों को निशाना बनाया और जीन्स, शर्ट, टी-शर्ट सहित महिलाओं व पुरुषों के अंडरगारमेंट्स तक चुरा लिए।
यह पूरी वारदात कॉलोनी के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि चोर बड़ी ही सफाई से बाइक से उतरते हैं, कपड़े उठाते हैं और फिर तेजी से फरार हो जाते हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है और अब चोर दिनदहाड़े खुलेआम चोरी कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस से इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी की दिशा में जांच में जुट गई है। इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसले को उजागर कर रही हैं, जिससे स्थानीय लोग डरे और सतर्क नजर आ रहे हैं।





