सूरजपुर से रिपोर्ट
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात एक दर्दनाक घटना में जंगली हाथी ने एक युवक की बेरहमी से जान ले ली। यह घटना प्रतापपुर के दरहोरा गांव की है, जहां देर रात लगभग 12 बजे हाथी ने युवक को उसके घर के पास ही कुचल डाला।
मृतक की पहचान शिवनाथ पिता सुखराम, उम्र लगभग 48 वर्ष के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि शिवनाथ रात में किसी काम से घर से बाहर निकला था, तभी हाथी ने उस पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर वन परिक्षेत्र की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायज़ा लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और परिजनों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस हृदयविदारक घटना की जानकारी सुबह गांव में फैलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग वन विभाग से जल्द से जल्द हाथियों के आतंक से राहत दिलाने की मांग कर रहे हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय घरों से बाहर न निकलें और हाथी देखे जाने पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।





