BY: Yoganand Shrivastva
Odisha News ओडिशा के संबलपुर जिले में रिश्वतखोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अधिकारी तालाब में कूद गया। हालांकि, विजिलेंस टीम ने भी उसका पीछा करते हुए तालाब में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया। बाद में आरोपी के रेस्ट रूम की तलाशी में 1 लाख 55 हजार 700 रुपये नकद बरामद हुए।
मामले को खत्म करने के बदले मांगे थे 10 हजार रुपये
Odisha News आरोपी की पहचान सुजीत कुमार महांता के रूप में हुई है। वह संबलपुर जिले के महुलपाली पुलिस थाने में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था। जानकारी के मुताबिक, वह एक मामले की जांच कर रहा था। आरोप है कि मामले को निपटाने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले उसने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की मांग की थी।
रिश्वत की रकम लेने के लिए आरोपी ने बुधवार शाम शिकायतकर्ता को थाने के बाहर एक सुनसान स्थान पर बुलाया था। इस बीच शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना विजिलेंस विभाग को दे दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। जैसे ही सब-इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए, वहां मौजूद विजिलेंस अधिकारियों को देखकर उसे शक हो गया और उसने भागने की कोशिश शुरू कर दी।
गिरफ्तारी से बचने तालाब में कूदा, विजिलेंस टीम ने भी लगाई छलांग
Odisha News विजिलेंस अधिकारियों को पीछे आता देख आरोपी सब-इंस्पेक्टर सड़क से भागते हुए पास के तालाब में कूद गया। उसे पकड़ने के लिए टीम के एक सदस्य ने भी तालाब में छलांग लगा दी। अधिकारी तैरकर आरोपी तक पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत के 10 हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए। तालाब में कूदकर बचने की उसकी कोशिश नाकाम रही। इसके बाद विजिलेंस विभाग ने आरोपी से जुड़ी संपत्ति और अन्य ठिकानों की जांच शुरू की।
रेस्ट रूम से मिले 1.55 लाख रुपये, भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
Odisha News आरोपी के पुलिस थाने परिसर में स्थित रेस्ट रूम की तलाशी के दौरान विजिलेंस अधिकारियों को 1 लाख 55 हजार 700 रुपये नकद मिले। यह रकम कई लिफाफों में रखी हुई थी। अब विजिलेंस विभाग बरामद नकदी और आरोपी की संपत्ति के स्रोत की जांच कर रहा है।
इस मामले में संबलपुर विजिलेंस पुलिस थाने में केस नंबर 21/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी सुजीत कुमार महांता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल, विभाग मामले की आगे जांच कर रहा है और आरोपी की संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।


