Report: Santosh Saravgee
Gwalior Excise Action कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेश पर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रह और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने डबरा, भितरवार और मोहना क्षेत्र में कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना और नियमित गश्त के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 9700 किलोग्राम गुड़ लाहन बरामद कर मौके पर नष्ट किया गया।
डबरा के दो गांवों में 3600 किलो गुड़ लाहन नष्ट
Gwalior Excise Action डबरा एसडीएम नवकिरण कौर के नेतृत्व में प्रशासन और आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध मदिरा निर्माण और विक्रय के खिलाफ कार्रवाई की। ग्राम गुंजार में जमीन के भीतर बने गड्ढों में भरा लगभग 2500 किलोग्राम गुड़ लाहन बरामद किया गया। इसका नमूना निकालने के बाद शेष लाहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह ग्राम चिरूली में जमीन में बने गड्ढे से 1100 किलोग्राम गुड़ लाहन बरामद हुआ। इसका नमूना लेकर शेष लाहन नष्ट किया गया और धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
भितरवार और मोहना में भी कार्रवाई
Gwalior Excise Action भितरवार क्षेत्र के ग्राम दुवा दुबई स्थित कंजर डेरे पर दबिश देकर टंकियों और ड्रमों से 4500 किलोग्राम गुड़ लाहन बरामद किया गया। टीम ने नमूना निकालने के बाद शेष लाहन मौके पर नष्ट कर दिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं, मोहना क्षेत्र के बरसाना मोहल्ले से 1600 किलोग्राम गुड़ लाहन बरामद किया गया। यहां भी नमूना निकालकर शेष लाहन मौके पर नष्ट किया गया और संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत 10 प्रकरण दर्ज
Gwalior Excise Action पूरी कार्रवाई के दौरान आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 10 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। नष्ट किए गए गुड़ लाहन की कुल मात्रा 9700 किलोग्राम बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है।
कार्रवाई में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी के निर्देशन में अन्य सहायक जिला आबकारी अधिकारियों, वृत्त उपनिरीक्षकों और कार्यपालिक स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।


