Report: Vandna Rawat
Singapore Investment in Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख ग्रोथ इंजन बनाने और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में सिंगापुर के उद्योगपतियों और निवेशकों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा की। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के नेतृत्व में आए 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, शहरी नियोजन और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में निवेश की इच्छा जताई। फरवरी 2026 में मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल का यह उत्तर प्रदेश दौरा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि आधुनिक सिंगापुर के निर्माता स्वर्गीय ली कुआन यू के विजन ने साबित किया कि किसी देश की वैश्विक पहचान उसके भौगोलिक आकार से अधिक उसकी दूरदृष्टि, कार्यक्षमता और संसाधनों के कुशल उपयोग से बनती है। उन्होंने कहा कि सिंगापुर की तकनीक और उत्तर प्रदेश की क्षमता मिलकर विकास के नए अवसर तैयार कर सकती हैं।
‘एमओयू से मैन्युफैक्चरिंग’ तक निवेशकों के साथ खड़ी रहेगी सरकार
Singapore Investment in Uttar Pradesh योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। वहीं, उनके अनुसार, उत्तर प्रदेश भी पिछले साढ़े नौ वर्षों में अपनी पिछली छवि से निकलकर देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की जीडीपी, वार्षिक बजट और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है। कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी भी तीन गुना बढ़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता पर कोई नया कर लगाए बिना उत्तर प्रदेश लगातार राजस्व-अधिशेष वाला राज्य बना हुआ है।
फरवरी 2026 में सिंगापुर यात्रा के दौरान वहां के राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम और प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ हुई मुलाकातों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उस दौरान करीब 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर सहमति बनी थी। उन्होंने कहा कि निवेशकों को दिया गया ‘सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड’ का भरोसा कायम है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब सरकार का जोर निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने और उत्पादन शुरू कराने पर है। उन्होंने कहा कि ‘एमओयू से मैन्युफैक्चरिंग’ और ‘ग्राउंडब्रेकिंग से प्रोडक्शन’ तक उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों के साथ खड़ी रहेगी और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराएगी।
जेवर एयरपोर्ट के पास ‘सिंगापुर सिटी’ विकसित करने का प्रस्ताव
Singapore Investment in Uttar Pradesh बैठक में मुख्यमंत्री ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट समर्पित ‘सिंगापुर सिटी’ और हाईटेक इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के संगम तथा विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ा यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए उत्तर भारत का प्रमुख सप्लाई चेन हब बन सकता है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए 75 हजार एकड़ से अधिक का लैंड बैंक उपलब्ध है और 27 इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लखनऊ, कानपुर, झांसी, आगरा, अलीगढ़ और चित्रकूट में फैले उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के छह रणनीतिक नोड्स को 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
मोबाइल उत्पादन और कंपोनेंट निर्माण में यूपी की हिस्सेदारी का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में होने वाले कुल मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और मोबाइल कंपोनेंट निर्माण का 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में हो रहा है। उन्होंने इन उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर जोर दिया।
बैठक में उद्योग, लॉजिस्टिक्स और डेटा सेंटर सहित विभिन्न रणनीतिक क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार निवेश प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं और उत्पादन में बदलने के लिए हर स्तर पर सहयोग करेगी।


