BY: Yoganand Shrivastva
Ukraine Drone Attack यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों को निशाना बनाते हुए 1,000 से ज्यादा ड्रोन से हमला किया। रूसी अधिकारियों के हवाले से एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, करीब 450 ड्रोन मॉस्को की ओर भेजे गए। रूस की राजधानी पर हुए इस हमले को मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला बताया। हमले में दो लोगों की मौत और 20 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
यह हमला ऐसे समय हुआ, जब रूस में संसदीय चुनाव का तीसरा और अंतिम दिन चल रहा था। मॉस्को के मेयर के मुताबिक, ड्रोन हमले में मॉस्को ऑयल रिफाइनरी और एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा है।
ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत, 20 घायल
Ukraine Drone Attack मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव के अनुसार, हमले में दो लोगों की जान गई है। मृतकों में 74 वर्षीय एक व्यक्ति और 44 वर्षीय एक महिला शामिल हैं। इसके अलावा 20 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है।
Ukraine Drone Attack यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि हमले में यूक्रेन में निर्मित फ्लेमिंगो और पेलिकन मिसाइलों के अलावा अलग-अलग प्रकार की मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। उनके अनुसार, हमलों में तेल और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाओं को निशाना बनाया गया। जेलेंस्की ने कहा कि इसका उद्देश्य रूस की युद्ध मशीन को आर्थिक नुकसान पहुंचाना है।
रूस का दावा- 1,100 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए
Ukraine Drone Attack रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने देशभर में 1,100 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए हैं। मंत्रालय के मुताबिक, इनमें क्रीमिया और काला सागर के ऊपर उड़ रहे ड्रोन भी शामिल थे।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने दावा किया कि राजधानी की ओर आ रहे करीब 450 ड्रोन नष्ट कर दिए गए। उनके अनुसार, हमले से मॉस्को ऑयल रिफाइनरी और एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा। उन्होंने इसे मॉस्को पर हुआ “अभूतपूर्व हमला” बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य रूस के चुनावों में बाधा डालना था। सोब्यानिन ने दावा किया कि यह कोशिश सफल नहीं हुई।
संसदीय चुनाव के बीच हुआ बड़ा ड्रोन हमला
Ukraine Drone Attack रूस में चल रहे संसदीय चुनाव को यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद का पहला युद्धकालीन संसदीय चुनाव बताया गया है। चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की नीतियों का विरोध करने वाले विपक्ष की मौजूदगी बेहद सीमित रही है।
रूस ने यूक्रेन के उन चार क्षेत्रों में भी मतदान कराया है, जिन्हें मॉस्को ने युद्ध के बाद रूस में शामिल करने का दावा किया था। हालांकि इन क्षेत्रों के सभी हिस्सों पर रूस का नियंत्रण नहीं है। इसके अलावा क्रीमिया में भी मतदान कराया गया, जिसे रूस ने 2014 में अपने में शामिल करने का दावा किया था। यूक्रेन ने इन क्षेत्रों में रूसी चुनाव कराए जाने को अवैध बताया है।
इससे पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बुचा जिले में भी हमला किया था। उस हमले में 37 लोगों की मौत होने की जानकारी दी गई थी।


