रिपोर्ट: फरहान खान
Agra Jewellery Theft आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र स्थित फतेहाबाद रोड पर जीवा ज्वैलरी शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ताजगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
Agra Jewellery Theft सोना, नकदी और नेपाली मुद्रा बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 116.3 ग्राम सोना, 1 लाख 18 हजार रुपये नकद, 35 हजार नेपाली मुद्रा, छह मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के निवासी हैं और उनका गांव नेपाल सीमा से सटा हुआ है। चोरी के माल को नेपाल और दिल्ली में खपाने की योजना बनाई जा रही थी।
Agra Jewellery Theft रेकी के बाद वारदात, दिल्ली की घटनाओं से भी जुड़े तार
पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली से ट्रेन के जरिए आगरा पहुंचे थे और कई दिनों तक ज्वैलरी शोरूम की रेकी करने के बाद 7-8 जुलाई की रात वारदात को अंजाम दिया। चोरी के दौरान एक आरोपी बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि अन्य साथी शोरूम के अंदर सक्रिय थे। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि यही गिरोह दिल्ली के रोहिणी और प्रीत विहार स्थित जीवा ज्वैलरी शोरूम में हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है। गिरोह का सरगना उमेश शाह बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पहले से गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे नेटवर्क और नेपाल कनेक्शन की जांच कर रही है।





