रिपोर्टर-आदर्श दुबे
jaruvakheda theft case सागर जिले के जरुआखेड़ा क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश सबसे पहले एक किसान के खेत में बने जिम में घुसे और इसके बाद आसपास के कई मकानों में वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घरों की बाहर से कुंदियां लगाकर अंदर प्रवेश किया और नकदी, आभूषण सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।

चोरी की घटनाओं में करीब सात हजार रुपये नकद, चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फोन और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। एक घर से जूते तक चोरी होने की बात सामने आई है। सुबह जब लोगों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
jaruvakheda theft case पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रभावित घरों का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
jaruvakheda theft case पुलिस चौकी में स्टाफ की कमी बनी चिंता का विषय
चोरी की इस घटना के बाद एक बार फिर जरूवाखेड़ा पुलिस चौकी में स्टाफ की कमी का मुद्दा सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
वर्तमान में चौकी में केवल एक उपनिरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक, एक आरक्षक और एक नगर सैनिक तैनात हैं, जबकि इन्हीं कर्मचारियों के भरोसे 18 गांवों की सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जा रही है। ग्रामीणों का मानना है कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।





