BY: Yoganand Shrivastva
Ahmedabad Child Murder गुजरात के अहमदाबाद जिले के साणंद तालुका के विंछिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने 10 साल के इकलौते बेटे की हत्या करने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने बच्चे का सिर घर में बनी देवी की वेदी के सामने जमीन पर पटका और डंडे से वार किया। इसके बाद वह बच्चे के शव के पास ही चारपाई पर सो गया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के मायके जाने के बाद हुई घटना
Ahmedabad Child Murder साणंद पुलिस थाने के इंस्पेक्टर जयप्रकाश चौहान के अनुसार, आरोपी नरेश पटेल खेतिहर मजदूर है। करीब 10 दिन पहले पति से विवाद होने के बाद उसकी पत्नी भारतीबेन अपने मायके चली गई थी। बेटे करण का स्कूल होने के कारण वह उसे पिता के पास छोड़ गई थी। रविवार रात घर पर पिता और बेटा ही मौजूद थे।
देवी की वेदी पर बेटे की बलि देने का दावा
Ahmedabad Child Murder भारतीबेन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उसने देवी की वेदी पर अपने इकलौते बेटे की बलि दी है, ताकि परिवार में आगे कोई भी व्यक्ति ‘भुवा’ न बने। भुवा स्थानीय परंपरा में समुदाय और देवी-देवताओं के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाला अनुष्ठानकर्ता होता है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने घर में बनी देवी की छोटी-सी वेदी के पास बेटे की हत्या की और फिर उसके शव के पास ही चारपाई पर सो गया।
पड़ोसी के फोन से मां को मिली जानकारी
Ahmedabad Child Murder रविवार रात एक पड़ोसी ने फोन कर भारतीबेन को घटना की जानकारी दी। रात करीब साढ़े 9 बजे जब वह गांव पहुंची तो बेटे का शव खून से लथपथ हालत में चारपाई पर पड़ा था। बच्चे के माथे पर चोट का निशान था। शिकायत के मुताबिक, आरोपी नरेश भी उसी चारपाई पर लेटा हुआ था और उसके कपड़ों पर खून लगा था।
बच्चे को पैरों से पकड़कर जमीन पर पटका
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नरेश ने बच्चे को पैरों से पकड़कर देवी की वेदी के सामने दो से तीन बार जमीन पर पटका और फिर डंडे से उसके सिर पर वार किया। इससे बच्चे की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।


