BY
Yoganand Shrivastava
बीचपरी गांव में खुदाई के दौरान निकली मूर्ति
Unnao : उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के हसनगंज तहसील क्षेत्र स्थित बीचपरी गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। गांव में एक पीपल के पेड़ के नीचे खुदाई के दौरान खाटू श्याम से मिलती-जुलती एक मूर्ति जमीन के भीतर से निकली। मूर्ति मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे और दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया।

युवक को सपनों में मिल रहा था संकेत
Unnao गांव निवासी मनोहर लाल के 25 वर्षीय पुत्र अमरपाल, जो इटावा में बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा है, ने बताया कि उसे कई महीनों से लगातार सपने आ रहे थे। सपनों में खाटू श्याम उसे घर के बाहर स्थित पीपल के पेड़ के नीचे दबे होने का संकेत दे रहे थे। बार-बार एक ही सपना आने से परेशान होकर अमरपाल 7 जनवरी को गांव लौटा और परिजनों व ग्रामीणों को पूरी बात बताई। इसके बाद सभी ने मिलकर खुदाई करने का निर्णय लिया।

प्रशासन को सूचना, जांच के आदेश
Unnao करीब डेढ़ फीट खुदाई के बाद मूर्ति निकलने पर गांव में आस्था का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने उसी पीपल के पेड़ के नीचे मूर्ति को स्थापित कर दिया, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना और दर्शन कर रहे हैं। घटना की सूचना प्रशासन को भी दी गई है। इस मामले पर एसडीएम प्रज्ञा पांडे ने बताया कि जानकारी प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। वहीं कुछ लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे अंधविश्वास मान रहे हैं।





