रिपोर्ट- हिमांशु प्रियदर्शी
Ranchi News: राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा पेसा (पंचायत एक्सटेंशन टू शेड्यूल्ड एरियाज) नियमावली को मंजूरी दिए जाने के बाद राज्यभर के अनुसूचित जनजातीय क्षेत्रों में खुशी का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचे ग्राम प्रमुख, प्रधान, मुखिया और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय परिसर पहुंचकर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनजातीय प्रतिनिधियों ने इसे आदिवासी स्वशासन और संवैधानिक अधिकारों की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि पेसा नियमावली लागू होने से ग्राम सभाओं को सशक्त बनाया जाएगा और जल, जंगल व जमीन से जुड़े फैसलों में स्थानीय समुदायों की भूमिका और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री आवास परिसर में प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और सरकार के इस फैसले का स्वागत किया। सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने भी इसे लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने वाला निर्णय बताते हुए कहा कि इससे आदिवासी क्षेत्रों में पारदर्शिता, सहभागिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में आदिवासी हितों को प्राथमिकता देने के लिए धन्यवाद दिया और भरोसा जताया कि पेसा नियमावली के प्रभावी क्रियान्वयन से जनजातीय समाज को वास्तविक अधिकार मिलेंगे।





