Report By: Abhay Mishra, Edit By: Priyanshi Soni
Mauganj: मध्य प्रदेश के मऊगंज–हनुमना बॉर्डर स्थित चेकपोस्ट से सामने आए एक वायरल वीडियो ने RTO की कथित अवैध वसूली को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में एक कथित RTO दलाल ट्रक की खिड़की पर लटका हुआ नजर आ रहा है, जबकि ट्रक चालक उसे काफी दूरी तक दौड़ाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि चालक अवैध वसूली से परेशान होकर भड़क गया था।
Mauganj: वीडियो में दिखा डरावना मंजर
वायरल वीडियो में कथित दलाल ड्राइवर से जान की भीख मांगता सुनाई देता है, वहीं चालक की आवाज में “मऊगंज से रीवा तक ले जाएंगे” जैसी धमकियां भी रिकॉर्ड हुई हैं। पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी दृश्य जैसा लग रहा है, लेकिन इसके पीछे सिस्टम में फैली कथित अव्यवस्थाओं की गंभीर तस्वीर उभरकर सामने आ रही है।
कथित वसूली से तंग आया चालक
सूत्रों के मुताबिक, ट्रक चालक RTO के नाम पर हो रही कथित अवैध वसूली से काफी समय से परेशान था। इसी आक्रोश में उसने यह कदम उठाया। घटना सामने आते ही RTO और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक परिवहन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान या जांच की पुष्टि सामने नहीं आई है। यह घटना एक बार फिर मऊगंज–हनुमना बॉर्डर पर कथित RTO वसूली नेटवर्क की सक्रियता पर सवाल खड़े कर रही है।





