BY: Yoganand Shrivastva
बीड, महाराष्ट्र: बीड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की व्हेल मछली की उल्टी बरामद हुई। आरोपियों के नाम शैलेश शिंदे और विकास मुले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ये दोनों आरोपी उल्टी को बेचने के लिए बीड आए थे।
पुलिस ने आरोपियों पर छापा मारकर उन्हें हिरासत में लिया और उनके कब्जे से महंगी सामग्री जब्त की। व्हेल मछली की यह उल्टी, जिसे एम्बरग्रीस कहा जाता है, महंगे इत्र और औषधियों के निर्माण में इस्तेमाल होती है। इसकी दुर्लभता और महंगी कीमत के कारण इस अवैध व्यापार को बड़े पैमाने पर किया जाता है।
व्हेल मछली की उल्टी एक स्पर्म व्हेल की आंतों में बनने वाला मोम जैसे ठोस पदार्थ होती है, जिसका रंग राखी-स्लेटी या पीला होता है। लहरों और धूप के संपर्क में इसका स्वरूप और सुगंध बदलती रहती है। यह अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये प्रति किलोग्राम बिकती है। पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में इसे तनाव-निवारक और कामोत्तेजक माना जाता है।
चूंकि भारत में व्हेल एक संरक्षित प्रजाति है, इसलिए इसके संग्रह और बिक्री पर कानूनी प्रतिबंध है। बीड पुलिस फिलहाल अवैध व्यापार का नेटवर्क और आरोपी की पहचान करने के लिए आगे की जांच कर रही है। मामला शिवाजीनगर पुलिस थाने में दर्ज किया गया है।





