Report: Vandna Rawat
UP Government Jobs लखनऊ के लोक भवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न विभागों में चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि मिशन रोजगार के तहत युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर उनके परिश्रम का प्रतिफल दिया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 21 चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपे, जबकि अन्य अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों के माध्यम से नियुक्ति पत्र दिए गए।
विभिन्न विभागों में हुई नियुक्तियां
UP Government Jobs नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता, उद्योग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं तथा आयुष विभाग के चयनित उम्मीदवार शामिल हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में 357 एक्सरे टेक्नीशियन के पदों पर चयन हुआ है। वहीं आयुष विभाग में 404 अभ्यर्थियों की नियुक्ति हुई है, जिसमें होम्योपैथिक फार्मासिस्ट, होम्योपैथिक प्रोफेसर, आयुर्वेद प्रोफेसर, आयुर्वेद रीडर तथा यूनानी से जुड़े विभिन्न पद शामिल हैं।
UP Government Jobs व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग में विभिन्न ट्रेडों के 48 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र दिया गया, जबकि उद्योग विभाग में सहायक सांख्यिकीय अधिकारी के नौ पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली।
सीएम योगी बोले- पारदर्शी परीक्षा से ऐसे परिणाम आते हैं
UP Government Jobs मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 818 युवाओं को नियुक्ति पत्र के माध्यम से उनके परिश्रम का प्रतिफल मिला है। उन्होंने कहा कि युवाओं के आत्मविश्वास से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने इसके लिए कितना परिश्रम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी तरीके से परीक्षा संपन्न होने पर इसी तरह के परिणाम सामने आते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार अगले छह महीने के अंदर एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने सार्वजनिक सेवा आयोग की परीक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों में भी युवाओं के लिए रोजगार के अवसर विकसित किए जाने चाहिए।
यूपी को नंबर वन अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बनाने का दावा
UP Government Jobs मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा प्रदेश को नंबर वन अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाने में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि जो लोग काम नहीं कर पाए, वे आज सवाल खड़े कर रहे हैं, इसलिए उनसे कहा जा रहा है कि वे गिनते जाएं और सरकार युवाओं को नियुक्ति देती जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश राजनीतिक संक्रमण के दौर से गुजरा है, जब प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं था। उनके मुताबिक डबल इंजन की सरकार आने के बाद परिणाम सामने हैं। उन्होंने कहा कि यूपी की अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है और एमएसएमई के माध्यम से अकेले तीन करोड़ लोगों को रोजगार दिया गया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज लाखों करोड़ रुपये का निर्यात कर रहा है और तेजी से आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। उन्होंने किसान आत्महत्या के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि आज किसान खुशहाल है। साथ ही उन्होंने पिछली सरकारों पर बिचौलियों और माफिया को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त, दंगा मुक्त और कर्फ्यू मुक्त है।


