रिपोर्ट- हेमंत
Satwas Gambling Case : सतवास। देवास जिले के कांटाफोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 55 हजार 100 रुपये नकद, 15 मोबाइल फोन और वाहनों समेत कुल 12 लाख 86 हजार 200 रुपये की सामग्री जब्त की है।
Satwas Gambling Case : मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि बैरागढ़ फॉरेस्ट चौकी के आसपास जंगल में बड़ी संख्या में लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद बागली, उदयनगर और कांटाफोड़ थानों के साथ चापड़ा चौकी की पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।

संयुक्त टीम ने जंगल में पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और जुए के स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि 12 संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया गया।
Satwas Gambling Case : नकदी के साथ कार और बाइक जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ताश की गड्डियां और नकदी बरामद की। इसके अलावा 15 मोबाइल फोन, एक कार और पांच बाइक भी जब्त की गईं। पुलिस के मुताबिक जब्त सामग्री की कुल कीमत 12 लाख 86 हजार 200 रुपये है।
Satwas Gambling Case : जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज
कांटाफोड़ पुलिस ने मामले में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरार हुए लोगों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है और जुए के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह कार्रवाई एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के नेतृत्व में की गई।
ये भी जानिए : Nalkheda Car Accident : नलखेड़ा में बड़ा हादसा, बरसाती नाले में बही श्रद्धालुओं की कार, 8 की मौत


