BY: Yoganand Shrivastva
ग्वालियर: बहोड़ापुर स्थित केंद्रीय जेल से हत्या और दुष्कर्म के मामलों में सजा काट रहे दो बंदी पैरोल समाप्त होने के बाद भी जेल नहीं लौटे। जेल प्रशासन ने दोनों के फरार होने की पुष्टि करते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र सिंह सोलंकी (निवासी डबरा) और धारा जाटव (निवासी ग्राम मेहरपुरा, जिला शिवपुरी) को 18 अक्टूबर को 15 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया था। उन्हें 2 नवंबर तक वापस जेल आना था, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी दोनों ने सरेंडर नहीं किया।
जेल प्रशासन ने दर्ज कराई शिकायत
केंद्रीय जेल प्रहरी मक्खनलाल छारी ने दोनों कैदियों के खिलाफ बहोड़ापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि दोनों बंदी हत्या, हत्या के प्रयास और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में सजा काट रहे थे। उन्हें 50 हजार रुपये के जमानती मुचलके पर पैरोल दी गई थी।
पैरोल अवधि समाप्त होने पर दोनों के नहीं लौटने की सूचना मिलने पर जेल प्रबंधन ने फरारी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जेल अधीक्षक ने की पुष्टि
जेल अधीक्षक विदित सरवैया ने बताया कि फरार हुए दोनों कैदी गंभीर अपराधों में दोषी हैं। घटना की जानकारी सभी संबंधित थानों को भेज दी गई है, ताकि दोनों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल पुलिस दोनों बंदियों की लोकेशन और संभावित ठिकानों की तकनीकी और मानवीय स्रोतों से तलाश कर रही है।





