,

JPC की बैठक में हुआ हंगामा, TMC सांसद कल्याण बनर्जी हुए चोटिल

Trinamool MP Kalyan Banerjee

वक्फ विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की बैठक के दौरान तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी ने कांच की पानी की बोतल तोड़कर अपना हाथ घायल कर लिया। सूत्रों ने बताया कि यह घटना भाजपा सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय और कल्याण बनर्जी के बीच तीखी बहस के दौरान हुई। सूत्रों ने बताया कि तृणमूल सांसद ने कांच की पानी की बोतल उठाकर मेज पर मारी और गलती से खुद को चोटिल कर लिया।

ओवैसी और संजय सिंह लेकर जाते दिेखे

बनर्जी को चार टांके लगाने पड़े। बाद में उन्हें एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आप नेता संजय सिंह बैठक कक्ष में वापस ले जाते हुए देखे गए। घटना के कारण संसद भवन में हुई बैठक को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। भाजपा के जगदंबिका पाल की अध्यक्षता वाली समिति सेवानिवृत्त न्यायाधीशों और वकीलों के एक समूह के विचार सुन रही थी, तभी विपक्षी सदस्यों ने मामले में उनकी हिस्सेदारी पर सवाल उठाए।

बीजेपी और विपक्षी सांसदों के बीच बहस

पैनल की बैठकों में भाजपा सांसदों और विपक्षी सदस्यों के बीच हाथापाई और तीखी बहस हुई है। पिछले सप्ताह भी कल्याण बनर्जी की भाजपा सांसदों निशिकांत दुबे, दिलीप सैकिया, अभिजीत गांगुली के साथ तीखी बहस हुई थी। विपक्ष ने भाजपा सांसदों पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और बैठक से वॉकआउट कर दिया।