मंदसौर जिले में बदमाशों के हौसले काफी बुलंद है। शामगढ़ थाना क्षेत्र में एक बार फिर हथियार के बल पर अपहरण की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक यह एक सप्ताह में दूसरी बार अपहरण की घटना है। हालांकि इस बार ग्रामीणों ने अपहरणकर्ताओं का सामना करके उनके चंगुल से युवक को छुड़वा लिया और आरोपियों के साथ आए एक नाबालिग को भी पकड़ लिया, जिसे बाद में ग्रामीण शामगढ़ थाने ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दरअसल पूरा मामला मंदसौर के शामगढ़ थाना क्षेत्र का है। जहां तीन दिन पूर्व ही बंदूक की नोक पर सरपंच पुत्र के अपहरण का मामले सामने आया था। उसके आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। अब एक बार फिर शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडला बुजुर्ग से अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। मिली जानकारी अनुसार, शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडला खुर्द में सुरेंद्र सिंह के खेत पर कुछ मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार होकर कुछ बदमाश आए और उन्होंने हवाई फायर कर सुरेंद्र सिंह सोंधिया के खेत पर काम कर रहे मगन नामक मजदूर के अपहरण की कोशिश की।





