मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने आज यानी सोमवार को राजधानी भोपाल के सुभाष नगर खेल मैदान में राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा का भव्य शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया। तिरंगा यात्रा इस मैदान से प्रारंभ होकर सुभाष नगर, अशोक विहार, परिहार चौराहा होते हुए न्यू अशोका गार्डन पर समाप्त हुई। इस दौरान हमारे डिजिटल हेड अनिरुद्ध सोनोने ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने कहा कि देश को किसी की नजर ना लगे और वह यूं ही आगे बढ़ता रहे। तिरंगा यात्रा के वक्त सीएम ने देश और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दी।
विवेक सागर भी हुए शामिल
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पेरिस ओलंपिक हॉकी टीम के सदस्य रहे विवेक सागर और ऐश्वर्य प्रताप सिंह भी शामिल हुए। इस हर घर तिरंगा अभियान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भोपाल के स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवार के लोग भी शामिल हुए जिन्हें सीएम मोहन यादव ने सम्मानित किया।
3 दिनों तक होंगे हर घर तिरंगा अभियान के कार्यक्रम
हर घर तिरंगा अभियान को देश भर में बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में भी इसे कोने – कोने तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। प्रदेश के खेल और सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि सभी खेल अधिकारियों से चर्चा की गई है। साथ ही इस अभियान को प्रदेश के सभी 313 ब्लॉकों में पहुंचाने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि राजधानी भोपाल में भी खेल और युवा कल्याण विभाग की ओर से दो कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।