चिरमिरी में भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित सिंदूर यात्रा

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Sindoor Yatra dedicated to the valor of Indian Army in Chirmiri

संवाददाता: अविनाश चंद्र

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल हुए शामिल

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद पूरे देश में भारतीय सेना के शौर्य और अदम्य साहस के सम्मान में कार्यक्रमों की श्रृंखला देखी जा रही है। इसी कड़ी में एमसीबी जिले के सबसे बड़े शहर चिरमिरी के गोदरीपारा में एक भव्य सिंदूर यात्रा और मशाल रैली का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल विशेष रूप से शामिल हुए और भारतीय सेना को नमन किया। उन्होंने कहा, “सेना का यह साहसी कदम न केवल आतंकवादियों के हौसले पस्त करने वाला है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा, बल्कि हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा।”

सिंदूर यात्रा बनी देशभक्ति का प्रतीक
यह सिंदूर यात्रा सेना के सम्मान में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी के साथ निकाली गई। हाथों में तिरंगा, माथे पर सिंदूर और भारत माता की जय के नारों के साथ जब यह यात्रा गोदरीपारा की सड़कों से निकली, तो पूरा माहौल देशभक्ति में सराबोर हो गया। रैली के दौरान मशालें जलाकर सेना के वीर जवानों को श्रद्धांजलि और सम्मान अर्पित किया गया।

पाकिस्तान को करारा जवाब
उल्लेखनीय है कि हाल ही में पहलगाम में आतंकी हमले में निर्दोष सैलानियों की हत्या के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया था। इसके जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी अड्डों को निशाना बनाते हुए सटीक और प्रभावी एयर स्ट्राइक की, जिसने आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने दिया कड़ा संदेश
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा, “हमारी सेना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत अब सहन नहीं करता, बल्कि जवाब देता है। यह नई भारत की नीति है—आतंकवाद का खात्मा और देश की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं।”

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, स्कूली छात्र, महिला मंडल और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे। सभी ने भारत माता और सेना के जवानों के जयकारों से माहौल को ऊर्जा और गर्व से भर दिया।

यह सिंदूर यात्रा केवल एक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि यह देश की एकजुटता और सेना के प्रति सम्मान का सशक्त संदेश बन गई।