Report by: Satyapal Negi
Rudraprayag: उत्तराखंड के Rudraprayag जिले से एक दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर देर रात एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त वाहन में तीन लोग सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।
Rudraprayag: डायल 112 से मिली सूचना, तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू
पुलिस के अनुसार, 22 और 23 अप्रैल की मध्यरात्रि डायल 112 के जरिए दुर्घटना की सूचना मिली। बताया गया कि भीरी से औरिंग की ओर जा रहा वाहन (UK 13 TA 1991) अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क से करीब 250 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही कोतवाली ऊखीमठ पुलिस और SDRF की टीम मौके के लिए रवाना हो गई।
Rudraprayag: घनघोर अंधेरे में चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना स्थल पर पहुंचकर पुलिस और SDRF की टीमों ने कठिन परिस्थितियों में संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात का समय, गहरी खाई और दुर्गम रास्तों के बावजूद जवानों ने समन्वय के साथ खाई में उतरकर राहत कार्य किया। इस अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी और SDRF उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार ने किया।
Rudraprayag: तीनों सवारों की मौके पर ही मौत
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वाहन में सवार तीनों लोगों की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई थी। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद दो शवों को खाई से बाहर निकाल लिया है, जबकि तीसरे शव को निकालने का कार्य जारी है।
Rudraprayag: मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार की गई है:
- नवीन सिंह (30 वर्ष) – निवासी ग्राम औरिंग, रुद्रप्रयाग (वाहन चालक)
- अंशुल (28 वर्ष) – निवासी ग्राम सुरसाल, रुद्रप्रयाग
- अमित सिंह (35 वर्ष) – निवासी ग्राम सुरसाल, रुद्रप्रयाग
Rudraprayag: पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि शवों को बाहर निकालने के बाद नियमानुसार पंचायतनामा और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
read also: Haridwar: गंगा सप्तमी पर हर की पौड़ी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किया पुण्य स्नान





