BY: Yoganand Shrivastva
सिंगरौली : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न पचखोरा गांव के रिटायर्ड सैनिक भूपेंद्र पांडे के साथ धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। उनके बेटे को सेना की भर्ती प्रक्रिया में मदद दिलाने के बहाने एक युवक ने खुद को कर्नल बताकर उनसे 15 लाख रुपए हड़प लिए।
लखनऊ में फिजिकल फेल होने के बाद मिला फर्जी कर्नल
अक्टूबर 2025 में भूपेंद्र पांडे अपने बेटे निखिल को नर्सिंग असिस्टेंट भर्ती की परीक्षा दिलाने लखनऊ गए थे। दौड़ में बेटा असफल हो गया। इसी दौरान सेना की वर्दी पहने एक व्यक्ति ने खुद को कर्नल एस.एन. राव बताकर दावा किया कि वह बेटे को भर्ती करा सकता है।
पहली किस्त लखनऊ में दी गई
बेटे के भविष्य की चिंता में भूपेंद्र पांडे ने उसी समय 7.5 लाख रुपए नकद में दे दिए। उस व्यक्ति ने पूरी प्रक्रिया के बदले 15 लाख रुपए तय किए थे।
दूसरी किस्त ग्वालियर में ली गई
17 नवंबर को भूपेंद्र पांडे ग्वालियर बुलाए गए। मुरार स्थित भर्ती कार्यालय के बाहर उस व्यक्ति ने निजी वाहन में मिलकर शेष 7.5 लाख रुपए ले लिए। उसने नकली दस्तावेजों पर जाली मुहर लगाकर 4 दिसंबर को लखनऊ में ज्वाइनिंग की तारीख भी दे दी।
परिवार के तीन सदस्यों को MES नौकरी का लालच
धोखेबाज ने भूपेंद्र को सिक्योरिटी इंचार्ज और उनके भाई तथा साले को MES में फिटर और इलेक्ट्रिशियन पद पर नियुक्ति का झांसा भी दिया। इनके नाम से भी फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बना दिए गए। इसके बाद उसका मोबाइल नंबर स्थायी रूप से बंद हो गया।
मिलिट्री ऑफिस पहुंचने पर खुली पोल
28 नवंबर को तीनों लोग ज्वाइनिंग लेटर लेकर ग्वालियर के मुरार मिलिट्री ऑफिस पहुंचे, जहां अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न तो ऐसी कोई भर्ती हुई है और न ही एस.एन. राव नाम का कोई अधिकारी मौजूद है। तभी ठगी का पूरा मामला समझ में आया।
एसएसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित परिवार ने सोमवार को ग्वालियर एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। एएसपी अनु बेनीवाल ने मुरार थाने को जांच के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर धोखाधड़ी करने वाले फर्जी कर्नल की तलाश शुरू कर दी है।





