रिपोर्ट: शैलेंद्र पारे
Ratlam शहर के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राम रहीम नगर में मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। महज सड़क से गाड़ी हटाने की बात को लेकर कुछ बदमाशों ने एक परिवार पर तलवारों और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक बुजुर्ग महिला सहित परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सरेराह हथियारों के साथ किए गए इस तांडव से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सड़क से एक्टिवा हटाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा
Ratlam घटनाक्रम के अनुसार, राम रहीम नगर निवासी दिलीप सुंदवासिया अपने घर के बाहर परिवार के साथ मौजूद थे। उनके घर के सामने एक एक्टिवा खड़ी थी। तभी क्षेत्र के ही अजय नायक और सुनील नायक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और रास्ता बाधित होने की बात कहकर गाड़ी हटाने के लिए कहने लगे। दिलीप ने गाड़ी हटाने की सहमति जताई, लेकिन आरोप है कि आरोपियों ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दिलीप ने इसका विरोध किया, तो अजय नायक ने तलवार निकालकर हमला कर दिया, जिससे दिलीप के हाथ में चोट आई।
Ratlam साथियों को बुलाकर किया हमला, घर के बाहर की तोड़फोड़
Ratlam बीच-बचाव के लिए जब दिलीप की बुजुर्ग मां लीलाबाई, भाई प्रेम और बहन कांता आगे आए, तो आरोपियों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते कुंदन नायक, दिनेश नायक, अक्षय नायक सहित करीब आधा दर्जन से अधिक युवक बेसबॉल बैट, डंडे और तलवारें लेकर वहां पहुंच गए। हमलावरों ने न केवल परिवार के साथ मारपीट की, बल्कि घर के बाहर जमकर तोड़फोड़ भी की। हमले में कुंदन ने प्रेम के सिर पर तलवार से वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
CCTV में कैद हुई दहशत की तस्वीरें, एक आरोपी गिरफ्तार
Ratlam यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह हाथ में नंगी तलवारें और डंडे लिए बदमाश घर पर धावा बोल रहे हैं। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को तलवार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों की संख्या ज्यादा थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक सभी की गिरफ्तारी नहीं की है।
Read this: Hazaribagh: अवैध पत्थर खदान के गहरे पानी में समाया युवक, 15 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग





