BY: Yoganand Shrivastava
उज्जैन, मध्य प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के आरक्षण को लेकर रविवार को उज्जैन से “ईडब्ल्यूएस सवर्ण क्रांति” अभियान की शुरुआत हुई। इस अभियान का नेतृत्व श्री राजपूत करणी सेना (कालवी विचारधारा) ने किया, जिसमें संगठन ने राज्य सरकार से मांग की कि सामान्य वर्ग के लिए दिए गए ईडब्ल्यूएस आरक्षण को राजस्थान मॉडल के अनुसार लागू किया जाए।
संगठन के पदाधिकारियों ने दशहरा मैदान से शांति रैली निकाली, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शहीद पार्क पर समाप्त हुई। बारिश के कारण रैली की शुरुआत थोड़ी देर से हुई, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लिया। रैली में राजपूत समाज के अलावा ब्राह्मण समुदाय और अन्य सामान्य वर्ग के लोग भी शामिल हुए।
शहीद पार्क में आयोजित सभा को प्रदेश अध्यक्ष अनुराग प्रताप सिंह राघव और अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण का वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है, इसलिए इसे राजस्थान की तर्ज पर लागू किया जाए।
प्रदेश प्रभारी ठा. जसवंत सिंह रुणजी ने कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाया, तो यह आंदोलन उज्जैन से निकलकर पूरे मध्य प्रदेश में जिला स्तर पर फैलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में सामान्य वर्ग के कई अन्य संगठन भी करणी सेना के साथ मिलकर भाग ले रहे हैं।





