रिपोर्टर: भूपेंद्र ठाकुर
रायगढ़ – जिले में वन्यजीवों की आवाजाही अब रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगी है। ऐसा ही अनोखा लेकिन चिंताजनक दृश्य रायगढ़ मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम बंगुरसिया में देखने को मिला, जहां दो दंतैल हाथी अचानक सड़क पर आ गए।
इस दौरान सड़क पर चल रहे वाहनों की रफ्तार थम गई और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
पास जाकर बनाए वीडियो, सोशल मीडिया में वायरल
हाथियों के सड़क पर पहुंचने की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने लापरवाही की सारी हदें पार कर दीं। कई लोगों ने हाथियों के बेहद करीब जाकर मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की हरकतें हाथियों को उत्तेजित कर सकती हैं, जिससे कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।
किसानों की फसलें तबाह, जंगल की सुरक्षा चौकी भी ध्वस्त
स्थानीय लोगों ने बताया कि इन हाथियों ने बीती रात गांव के करीब 10 किसानों की धान की फसल को रौंद दिया। इसके अलावा जंगल क्षेत्र में बिटगार्ड के लिए बनाई गई झोपड़ी को भी नुकसान पहुंचाया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी और उचित प्रबंधन की मांग की है।





