Report: Prem Shrivastva
Potka News शंकरदा पंचायत में खेरवाड़ माडेर लोवाडीह की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। खिताबी भिड़ंत में रुसिका स्पोर्ट्स भागाबांध की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए ओपन लाइन रिचितुका को 1-0 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। भागाबांध की जीत के हीरो पीथो सोरेन रहे, जिन्होंने मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल दागा। अंतिम समय तक रिचितुका की टीम ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन भागाबांध के खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त बरकरार रखी।
32 टीमों के बीच हुआ मुकाबला, सेमीफाइनल में भी दिखा रोमांच
Potka News इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। पहले सेमीफाइनल में मारंग बुरु एफसी और रुसिका स्पोर्ट्स भागाबांध के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें भागाबांध ने 1-0 से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में माडवा क्लब रानीकुदार और ओपन लाइन रिचितुका आमने-सामने थीं। इस मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट के जरिए रिचितुका की टीम ने जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
विधायक संजीव सरदार ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
Potka News टूर्नामेंट के समापन समारोह में पोटका विधायक संजीव सरदार ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ खेल के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं।
विधायक ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनसे मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
विजेता को 30 और उपविजेता को 20 हजार रुपये का पुरस्कार
Potka News आयोजन समिति की ओर से विजेता रुसिका स्पोर्ट्स भागाबांध को 30 हजार रुपये और उपविजेता ओपन लाइन रिचितुका को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए भी 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार निर्धारित किया गया था।
इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच, सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर जैसे व्यक्तिगत पुरस्कार भी रखे गए थे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जोसाई मार्डी उपस्थित रहे। वहीं दुखु मार्डी, भूगलू टुडू सहित कई गणमान्य लोग, खिलाड़ी और सैकड़ों ग्रामीणों ने फाइनल मुकाबले का आनंद लिया। आयोजन समिति ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


